संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
दयालपुर, वैशाली।
ब्रज मोहन दास महाविद्यालय, दयालपुर में प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर रवि रंजन कुमार ने किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन संबोधित करते हुए प्रोफेसर सोनी कुमारी ने कहा कि नशा केवल शराब, तंबाकू या गुटखा तक सीमित नहीं है, बल्कि मोबाइल फोन की अत्यधिक लत भी एक प्रकार का नशा है। उन्होंने कहा कि आज लोग किसी भी कार्य के दौरान बार-बार मोबाइल देखने के आदी हो चुके हैं, जो चिंता का विषय है।
अभिभावक अक्सर बच्चों को व्यस्त रखने के लिए मोबाइल दे देते हैं, जिससे उनमें मोबाइल की लत विकसित हो जाती है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का नशा व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करता है, इसलिए इससे दूर रहना आवश्यक है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने कहा कि केवल भाषण देने से समाज नशामुक्त नहीं होगा। इसके लिए सभी को संकल्प लेना होगा और अपने आसपास नशा मुक्ति अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज का भी नुकसान करता है। इससे व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर हो जाता है।
उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से नशे के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. पूजा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर छात्र सचिन कुमार एवं छात्रा श्रुति प्रसाद ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं ने समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने और लोगों को जागरूक करने की शपथ ली।