विश्वविद्यालय शिक्षाशास्त्र विभाग में वृक्षारोपण अभियान, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

WhatsApp Image 2026-08-21 at 8.20.14 PM
Share News

मधेपुरा। विश्वविद्यालय शिक्षाशास्त्र विभाग, भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, शैक्षणिक परिसर मधेपुरा में 21 अगस्त 2026 को एम.एड. द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं द्वारा पाठ्य सहगामी क्रियाओं के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान में बी.एड. एवं एम.एड. के विद्यार्थियों ने नवस्थापित परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान बी.एड. एवं एम.एड. के विद्यार्थियों ने आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ टीमवर्क की भावना का परिचय दिया। एम.एड. द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने बी.एड. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को टीमवर्क, सहयोग एवं सहानुभूति की भावना के साथ वृक्षारोपण अभियान की विभिन्न प्रक्रियाओं से अवगत कराया।

WhatsApp Image 2026 08 21 at 8.20.13 PM

एम.एड. द्वितीय सेमेस्टर की स्कूल इंटर्नशिप के पर्यवेक्षक प्रो. डॉ. सी.डी. यादव एवं डॉ. शैलेश कुमार ने विद्यार्थियों को वृक्षारोपण के महत्व और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। वहीं एम.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. शिवेंद्र प्रताप सिंह ने वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण को रोकने, स्वस्थ दिनचर्या अपनाने तथा बेहतर जीवनशैली के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार ने एम.एड. द्वितीय सेमेस्टर के इंटर्नशिप कर रहे विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा प्राप्त करने तथा उसे जीवनोपयोगी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल इंटर्नशिप विद्यार्थियों के लिए एक प्रयोगात्मक कक्षा के समान है, जहां वे जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझते हैं और वास्तविक समस्याओं से रूबरू होकर उनके समाधान का प्रयास करते हैं।

WhatsApp Image 2026 08 21 at 8.20.12 PM

वृक्षारोपण अभियान को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए एम.एड. द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने बी.एड. एवं एम.एड. के विद्यार्थियों के संयुक्त रूप से आठ समूह तैयार किए। प्रत्येक समूह के निर्देशन के लिए एक शिक्षक को पर्यवेक्षक के रूप में जोड़ा गया। सभी समूहों को कम से कम एक पौधा लगाने तथा पौधारोपण की संपूर्ण प्रक्रिया को अपनाने के लिए निर्देशित किया गया। विद्यार्थियों ने आपसी सामंजस्य और सहयोग के साथ अभियान को सफल बनाया तथा प्रति वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में एम.एड. के विद्यार्थी गौतम कुमार, किशोर कुमार, ज्योतिष कुमार, पप्पू कुमार, अभिषेक कुमार, संगम, स्वाति रंजन, मधु कुमारी, पुष्पा, शिल्पा, साक्षी सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. राम सिंह, डॉ. बीर बहादुर, डॉ. माधुरी कुमारी, डॉ. शैलेश, डॉ. राजनाथ, डॉ. सौरभ, डॉ. खुशबू राठौर, डॉ. रीना कुमारी, श्री संतोष कुमार, श्री आनंद प्रकाश, श्री रॉबिंस सहित विभाग के शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया, बल्कि सामूहिक सहभागिता, सहयोग, टीमवर्क और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी संदेश दिया।

Trending News