Agra News : आगरा में ‘चित्रकला के रंग कान्हा जी के संग’ कार्यक्रम, 21 स्कूल-कॉलेज के 147 छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

IMG-20260823-WA0007
Share News

आगरा। संस्कार भारती आगरा महानगर की ओर से फतेहचंद इंटर कॉलेज में ‘चित्रकला के रंग कान्हा जी के संग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के 21 स्कूल-कॉलेजों के 147 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके साथ ही विद्यालय के आसपास कार्य करने वाले श्रमिक वर्ग के 16 छोटे बच्चों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाओं को विभिन्न रंगों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण और उनसे जुड़े प्रतीक चिह्नों के रूप में कैनवास पर उकेरा। रंगोली, पेपर प्लेट, कैनवास, कागज, हार्डबोर्ड, लकड़ी से निर्मित प्लेट और मिट्टी के गमलों सहित विभिन्न माध्यमों का प्रयोग कर प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।

IMG 20260823 WA0009 scaled

चित्रों में श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों के साथ मोरपंख, बांसुरी और मटकी जैसे कृष्ण से जुड़े प्रतीकों को भी आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। बच्चों की कल्पनाशीलता और रंगों के प्रयोग ने कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक बना दिया।
संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने कहा कि छात्र-छात्राओं द्वारा अपने मन की कल्पनाओं को विभिन्न रंगों के माध्यम से कान्हा और उनसे जुड़े प्रतीक चिह्नों के रूप में चित्रित करना बेहद सजीव है। इन चित्रों में बच्चों की कल्पनाशीलता की विशालता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
फतेहचंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह सिकरवार ने कहा कि बालपन की सृजनशीलता को बाहर लाने का चित्रकला एक बहुत बड़ा माध्यम है। जब चित्रकला के साथ कान्हा जी जैसे सांस्कृतिक प्रतीक का जुड़ाव होता है तो बच्चों की सृजनशीलता और भी नए रंगों में सामने आती है।

IMG 20260823 WA0007

कार्यक्रम की संयोजक चित्रकार डॉ. मीतू सिंह और डॉ. चेतना परिहार ने बताया कि आयोजन में 21 विद्यालयों के 147 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसके अलावा विद्यालय के आसपास काम करने वाले श्रमिक वर्ग के 16 छोटे बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में रतन मुनि जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज, हिलमन पब्लिक स्कूल, आगरा कॉलेज, आरबीएस डिग्री कॉलेज, आरबीएस इंटर कॉलेज, सेंट कॉनरेड, सेंट पॉल चर्च कॉलेज, सेंट पॉल चर्च कॉलेज यूनिट-2, गायत्री पब्लिक स्कूल, सेंट थॉमस, टोरंटो पब्लिक स्कूल, बलूनी पब्लिक स्कूल, सेंट फ्रांसिस, सहेली वेलफेयर सोसायटी, रेड क्लिफ पब्लिक स्कूल, स्टेला मैरी पब्लिक स्कूल, सेंट क्लेयर्स, सेंट जॉन्स डिग्री कॉलेज, कंपोजिट विद्यालय और ऑल सेंट्स स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में एलकेजी से लेकर बीए तक के विद्यार्थियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि मजदूर वर्ग के बच्चों से लेकर लंबे समय बाद दोबारा ब्रश हाथ में उठाने वाली महिला चित्रकार ममता कुकरेजा तक ने इसमें सहभागिता की।
इस अवसर पर प्रतिभागियों नव्या, माही, काजल, कशफ, दानियाल, सिमरन, दीपांशी, कृष्णा, प्रतीक, खुशबू, वैष्णवी, कोमल, दुर्गेश, उरवी, अग्रिमा, टिया शर्मा, निखिल भंडारी, आद्विक, अनाया, स्नेहा, नैना, छवि, मनीषा, नैतिक, हर्षिता, सांभवी, प्रिंस, किशांगी, हितेश, धैर्या, धर्मिता सहित अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में फतेहचंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह इंदौलिया, उप प्रधानाचार्य संतोष कुमार दिवाकर, कॉलेज की सांस्कृतिक समिति की सदस्य ललिता सरीन, शुभम वर्मा, अखिल भारतीय एकल आरोग्य आयोग के राष्ट्रीय महामंत्री सतीश गुप्ता, राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी सदस्य डॉ. आभा सिंह गुप्ता, संस्कार भारती के महानगर महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग, एडवोकेट एन.एस. भदौरिया, अंकिता अग्रवाल, गुंजन, नीता गर्ग, वंदना बंसल, नीनू गर्ग, महेश चंद शर्मा, एस.एन. गर्ग, चेतन परिहार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

IMG 20260823 WA0012 scaled

कार्यक्रम का संचालन नन्द नन्दन गर्ग ने किया। स्वागत भाषण फतेहचंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह इंदौलिया ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संस्कार भारती के महानगर महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों में कला, संस्कृति और रचनात्मकता के प्रति रुचि विकसित करना तथा उनकी कल्पनाशीलता को मंच प्रदान करना है। भगवान श्रीकृष्ण के सांस्कृतिक स्वरूप को आधार बनाकर आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों को अपनी कला के माध्यम से भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर भी प्रदान किया।

Trending News