Bihar News : बेतिया पर्यवेक्षण गृह में हस्तशिल्प प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित, बच्चों की रचनात्मकता को मिला बढ़ावा
संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिम चंपारण।
पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित पर्यवेक्षण गृह में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने और उनके व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हस्तशिल्प प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रशिक्षक अंशुमन कुमार ने बच्चों को हस्तशिल्प की विभिन्न कलात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान बच्चों को कला के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रशिक्षक अंशुमन कुमार ने कहा कि हस्तशिल्प बच्चों की रचनात्मकता को विकसित करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस तरह की गतिविधियों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नई चीजें सीखने का अवसर मिलता है।
वहीं, पर्यवेक्षण गृह के गृह पिता प्रमोद सिंह लोधी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक और कलात्मक गतिविधियां भी आवश्यक हैं। ऐसी कार्यशालाएं बच्चों के व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करती हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आरोही कला संस्कृति वेलफेयर ट्रस्ट के सचिव प्रभात कुमार झा ने कहा कि संस्था कला एवं संस्कृति के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को निखारने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
कार्यशाला में परामर्शी मिथिलेश कुमार के अलावा शिक्षक प्रेम सागर, प्रशांत कुमार शर्मा एवं विवेक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाना और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।