संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।
गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया में बुधवार को इलाज के दौरान एक प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही तथा मारपीट का आरोप लगाया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना, कालीबाग थाना समेत अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

मृतका की पहचान मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के सुखलही मथुरा गांव निवासी पिंटू दुबे की पत्नी आरती कुमारी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतका की मां उषा देवी ने बताया कि दूसरी प्रसूति के लिए आरती को 13 जून को जीएमसीएच में भर्ती कराया गया था।
बुधवार को उसने मृत शिशु को जन्म दिया। परिजनों के अनुसार प्रसव के बाद शरीर में खून और पानी की कमी होने के कारण उसे रक्त एवं अन्य आवश्यक चिकित्सा सहायता दी जा रही थी।
परिजनों का आरोप है कि अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसकी सूचना चिकित्सकों को दी गई, लेकिन समय पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पति पिंटू दुबे ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
परिजनों का आरोप है कि विरोध करने पर चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने पिंटू दुबे के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई मिंटू दुबे के साथ भी कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
घटना के दौरान खबर संकलन के लिए पहुंचे कुछ मीडियाकर्मियों ने भी आरोप लगाया कि वीडियो बनाने से रोकने का प्रयास किया गया तथा कुछ लोगों के मोबाइल फोन छीन लिए गए। हालांकि इस संबंध में अस्पताल प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी थी।
हंगामा लगभग डेढ़ से दो घंटे तक चलता रहा, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति को सामान्य बनाने में जुटे रहे।
नोट: परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में अस्पताल प्रशासन और पुलिस की आधिकारिक जांच एवं बयान के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।