Bihar News: वैशाली के देवा चौक पर मनाई गई पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती, बच्चों को बांटी गई पाठ्य सामग्री
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
रनदाहा (वैशाली)। बराटी थाना क्षेत्र के देवा चौक स्थित एक निजी विद्यालय परिसर में भारत संवाद अभियान के तत्वावधान में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, बाल प्रेम और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत संवाद अभियान के संयोजक एवं अधिवक्ता विजेंद्र यादव ने की, जबकि संचालन समाजसेवी सुरेश प्रसाद सिंह ने किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के प्रिय चाचा नेहरू का बाल प्रेम और देश के विकास में उनका योगदान हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत की नींव रखने और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं।
वक्ताओं ने कहा कि नेहरू जी को बच्चों से विशेष लगाव था। इसी कारण उनकी जयंती को पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, बेहतर भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति समाज को जागरूक करने का संदेश भी देता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बच्चों को टॉफी, कलम और कॉपी देकर सम्मानित किया गया। बच्चों के बीच उपहार वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह में डॉ. अमित कुमार, विकास कुमार, आदित्य कुमार, नीरज कुमार, शुभम कुमार, रिया कुमारी, अंकिता कुमारी सहित अनेक गणमान्य लोग एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों और उनके योगदान को याद करते हुए किया गया।