Bihar News : राजापाकर में बाल दिवस पर बच्चों को बांटी गई शिक्षण सामग्री और पौधे, नेहरू जयंती मनाई
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार राजापाकर, वैशाली (बिहार)।
बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र स्थित शनिचर हाट परिसर में बाल दिवस के अवसर पर केसीआई विद्यालय की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के निदेशक सत्यप्रकाश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती मनाई गई। इस दौरान बच्चों के बीच टॉफी, पेंसिल, कॉपी और पौधों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें शिक्षा, अच्छे संस्कार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बाल दिवस हमें बच्चों के अधिकारों, उनकी शिक्षा और सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। बच्चों को बेहतर शिक्षा और अच्छे संस्कार देकर ही एक मजबूत समाज एवं राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, विद्यालय के शिक्षक महेंद्र राय ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी बेहद जरूरी है। पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। बच्चों में बचपन से ही पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की आदत विकसित करनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम में बच्चों को उपहार एवं पौधे वितरित कर बाल दिवस को यादगार बनाया गया। आयोजन के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के महत्व के साथ प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि नथुनी प्रसाद सिंह, न्यूटन क्लासेस के निदेशक अमरनाथ चौहान, केसीआई विद्यालय के शिक्षक अभिषेक कुमार, हेमंत कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।