संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
बेतिया नगर निगम क्षेत्र में आकस्मिक मरम्मत एवं तात्कालिक विकास कार्यों के त्वरित निष्पादन के लिए योग्य एजेंसियों का पैनल (एम्पैनलमेंट) तैयार किया जाएगा। इस संबंध में नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के अनुपालन में नगर निगम प्रशासन ने वर्ष 2026-27 के लिए शॉर्ट टेंडर जारी कर ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की हैं।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम प्रशासन द्वारा आकस्मिक मरम्मत, पुनर्निर्माण तथा अन्य आपातकालीन प्रकृति के कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार के निर्देशानुसार ऐसी परिस्थितियों में, जहां नागरिक सुरक्षा और आवश्यक सेवाओं की तत्काल बहाली आवश्यक हो, वहां लंबी निविदा प्रक्रिया के बजाय पूर्व से पैनल में शामिल एजेंसियों के माध्यम से एक लाख रुपये तक के कार्य तुरंत कराए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस पैनल की वैधता एक वर्ष होगी और इसका उद्देश्य आपदा या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
महापौर ने जानकारी दी कि निविदा दस्तावेज 13 जुलाई 2026 को अपराह्न 3:00 बजे से डाउनलोड किए जा सकेंगे। प्री-बिड बैठक 15 जुलाई 2026 को अपराह्न 4:00 बजे नगर आयुक्त कार्यालय में आयोजित होगी। ऑनलाइन निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई 2026 को शाम 4:00 बजे तक निर्धारित की गई है, जबकि तकनीकी बोलियों का मूल्यांकन 22 जुलाई 2026 को किया जाएगा।
निविदा के अनुसार इच्छुक एजेंसियों को ₹5,000 का गैर-वापसी योग्य प्रोसेसिंग शुल्क तथा ₹1,00,000 की वापसी योग्य ईएमडी (Earnest Money Deposit) जमा करनी होगी। आवेदन बिहार सरकार के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि इस नई व्यवस्था से नगर निगम क्षेत्र में आपातकालीन मरम्मत एवं आवश्यक कार्यों का निष्पादन पहले की तुलना में अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।