UP News : आजमगढ़ के पवई में बुजुर्ग और चचेरे पोते की गला रेतकर हत्या, क्षेत्र में सनसनी
संवाददाता: नूर मोहम्मद
आजमगढ़/पवई।
आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र स्थित ग्राम हेवती में शुक्रवार को दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने 72 वर्षीय जगदम्बा प्रसाद यादव और उनके चचेरे पोते की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, दोनों के शव गांव से लगभग 400 मीटर की दूरी पर अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।