संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण
पश्चिम चंपारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने 13 जून 2026 को मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम लिपनी में हुई लूट की घटना के घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा घटना के शीघ्र उद्भेदन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में नरकटियागंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जे.पी. सिंह, मैनाटांड़ के अंचल पुलिस निरीक्षक, जिला आसूचना इकाई की टीम, मैनाटांड़ थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 जून 2026 की दोपहर मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के लिपनी गांव स्थित मथुरा-पिलाड़ी मुख्य मार्ग पर बिरहा पुल के समीप लुटेरों ने एक छड़-सीमेंट व्यवसायी के दो कर्मियों से ₹1 लाख 73 हजार की नकदी लूट ली। बताया जाता है कि दोनों कर्मी व्यवसायी की ओर से वसूली कर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की संख्या सात से आठ थी, जो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।