Bihar News : उर्वरक की कालाबाजारी एवं तस्करी पर सख्ती से कार्रवाई करें: जिला पदाधिकारी

IMG-20260912-WA0008
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह

बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्षापात की स्थिति, खरीफ-2026 में बीज वितरण एवं फसल आच्छादन, उर्वरक की आवश्यकता एवं उपलब्धता, एफएफएएस एप के माध्यम से उर्वरक बिक्री, उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच, कालाबाजारी के विरुद्ध कार्रवाई, डिजिटल क्रॉप सर्वे, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फार्मर रजिस्ट्री, मिट्टी नमूना जांच अभियान, कृषि यांत्रिकीकरण, उद्यान विभाग एवं आत्मा द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

IMG 20260912 WA0008

जिला कृषि पदाधिकारी सरफराज अहमद ने विभागीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति से जिला पदाधिकारी को पीपीटी के माध्यम से अवगत कराया।

IMG 20260912 WA0009

समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था से संबंधित प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उर्वरक की कालाबाजारी एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए और उर्वरक प्रतिष्ठानों के स्टॉक की नियमित जांच की जाए। विशेष रूप से भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में उर्वरक की तस्करी रोकने के लिए विशेष निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी ने कृषि पदाधिकारियों से एफएफएएस एप के माध्यम से उर्वरक बिक्री की स्थिति तथा जमीनी स्तर पर किसानों को हो रही समस्याओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।

सर्पदंश से बचाव को लेकर दिए निर्देश

वर्षा एवं खरीफ मौसम को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता की जानकारी सभी संबंधित क्षेत्रीय पदाधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले के किन-किन स्वास्थ्य संस्थानों में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है, इसकी सूची संबंधित पदाधिकारियों के पास होनी चाहिए, ताकि सर्पदंश की स्थिति में पीड़ित को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने का निर्देश

फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को संबंधित अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक प्रखंड में प्रतिदिन कम से कम 100 फार्मर रजिस्ट्री कराने को कहा।

फार्मर रजिस्ट्री में बेहतर प्रगति करने वाले प्रखंडों, विशेषकर सिकटा एवं गौनाहा के कार्यों की सराहना की गई। वहीं कम उपलब्धि वाले मझौलिया, पिपरासी, ठकराहां, बगहा-2, बैरिया एवं नौतन सहित अन्य प्रखंडों को प्रदर्शन में सुधार लाने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने के लिए डोर-टू-डोर अभियान चलाने को कहा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों के भौतिक सत्यापन के दौरान फार्मर रजिस्ट्री की स्थिति की भी जांच करने तथा पात्र किसानों की रजिस्ट्री सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

सीमा क्षेत्र के किसानों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर

जिला पदाधिकारी ने जिला उद्यान पदाधिकारी को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के किसानों को कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं से अधिक से अधिक लाभान्वित करने तथा उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए विशेष पहल करने का निर्देश दिया।

उन्होंने मरचा धान एवं चूड़ा को प्राप्त जीआई टैग का लाभ संबंधित प्रखंडों के किसानों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों के किसानों को अधिक से अधिक एफपीओ से जोड़ने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें मार्केटिंग सपोर्ट, बेहतर पैकेजिंग, प्रशिक्षण और बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सके।

किसानों के मोबाइल नंबर को आधार से लिंक कराने का निर्देश

जिला पदाधिकारी ने कृषि विभाग के सभी पदाधिकारियों को सक्रिय होकर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा विभागीय योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करने और किसानों को योजनाओं का वास्तविक लाभ सुनिश्चित कराने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने किसानों के मोबाइल नंबर को आधार से लिंक कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिन किसानों का मोबाइल नंबर अभी तक आधार से लिंक नहीं है, वे अपने नजदीकी वसुधा केंद्र पर जाकर निःशुल्क मोबाइल नंबर आधार से लिंक करा सकते हैं। इससे कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में उन्हें परेशानी नहीं होगी।

बैठक से अनुपस्थित रहने वाले जिला पशुपालन पदाधिकारी को शोकॉज करने का निर्देश भी जिला पदाधिकारी ने दिया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, जिला कृषि पदाधिकारी सरफराज अहमद सहित कृषि, उद्यान, आत्मा एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Trending News