संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत बुधवार को समाहरणालय परिसर से शहीद पार्क, बेतिया तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और उत्साह से ओत-प्रोत इस यात्रा में हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आम नागरिकों ने भाग लिया। देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा का नेतृत्व पश्चिम चंपारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने किया। यात्रा में वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती रोचना माद्री, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) सुजीत कुमार, एनईपी पुरुषोत्तम त्रिवेदी, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार, जिला युवा अधिकारी श्री शशांक मितल, डीपीएम, जीविका आर.के. निखिल सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य, समाजसेवी और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना तथा विशेष रूप से युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है।
जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से 9 से 17 अगस्त तक अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी-सह-जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों का सराहनीय सहयोग मिला। सभी के सामूहिक प्रयास और सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन गरिमामय, अनुशासित और सफल रहा।
उन्होंने विश्वास जताया कि जिलेवासी इसी उत्साह के साथ ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में भाग लेते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करेंगे।