Bihar News : रिश्वत लेने के वायरल वीडियो के बाद दरोगा शमशाद अहमद निलंबित
संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बलथर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक (दरोगा) शमशाद अहमद का कथित रूप से रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में जांच के बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई की है। जांच में पुलिस अवर निरीक्षक का आचरण संदिग्ध पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी चंपारण, बेतिया कुमार गौतम के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नरकटियागंज से मामले की जांच कराई गई।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नरकटियागंज ने जांच के बाद अपने प्रतिवेदन में पुलिस अवर निरीक्षक शमशाद अहमद के आचरण को संदिग्ध पाया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बलथर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक शमशाद अहमद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पुलिस विभाग के अनुसार, उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। इसके तहत उनसे अलग से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।
पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पुलिसकर्मियों के आचरण एवं कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।