Bihar News: बगहा में खेत से लौट रहे किसान पर मगरमच्छ का हमला, पानी में खींच ले गया; मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

IMG-20260720-WA0027
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। खेत में काम कर घर लौट रहे एक किसान पर भापसा नाला में मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे पानी में खींच ले गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मुआवजे तथा मगरमच्छ को पकड़ने की मांग को लेकर मदनपुर–वाल्मीकिनगर स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर किसान की तलाश में जुट गई।

IMG 20260720 WA0027 1

जानकारी के अनुसार, बगहा पुलिस जिला के नौरंगिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भुलटोला सिरिसिया गांव निवासी 45 वर्षीय किसान केदार बैठा रविवार शाम धान की सोहनी (निराई) कर अपने साथियों के साथ घर लौट रहे थे। बेलहवा–सिरिसिया कच्ची सड़क के समीप स्थित भापसा नाला पार करने के दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें पानी में खींच ले गया।

किसान के साथ मौजूद कमल उरांव, नथुनी उरांव एवं अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ उन्हें गहरे पानी में ले गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही नौरंगिया थाना पुलिस तथा मदनपुर वन प्रक्षेत्र की टीम घटनास्थल पर पहुंची। नाव की सहायता से भापसा नाला में लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम किसान तथा मगरमच्छ की तलाश में जुटी हुई है।

मृतक के पुत्र बृजेश बैठा ने बताया कि उनके पिता खेत में धान की सोहनी करने गए थे। लौटते समय भापसा नाला पार करते समय मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। साथ मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ उन्हें पानी में खींचकर ले गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मदनपुर–वाल्मीकिनगर स्टेट हाईवे को लगभग आधे घंटे तक जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में मौके पर पहुंचे नौरंगिया थानाध्यक्ष राज रोशन ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
मदनपुर वन क्षेत्र पदाधिकारी नसीम अहमद अंसारी ने बताया कि भापसा नाला में लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने, मगरमच्छ को पकड़ने तथा भापसा नाला क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

यह घटना एक बार फिर वन्यजीव और मानव के बीच बढ़ते संघर्ष की गंभीर चुनौती को उजागर करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन क्षेत्र से सटे इलाकों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाने की आवश्यकता है।

Trending News