Bihar News: सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को पश्चिमी चंपारण में आयोजित होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा एवं समर्पण तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से संबंधित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर 2026 को पश्चिमी चंपारण जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाना है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला पदाधिकारी, पश्चिमी चंपारण, तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अनुमंडल एवं प्रखंडस्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।
प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर होगा आयोजन
बैठक में वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी श्रीमती रोचना माद्री ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के उद्देश्य, आयोजन एवं तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने निर्देश दिया कि 17 सितंबर को जिले के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, जिला मुख्यालय, अनुमंडल एवं प्रखंड के महत्वपूर्ण स्थलों सहित अन्य उपयुक्त स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किया जाए।
उन्होंने पंचायत सरकार भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों, सामुदायिक भवनों, महादलित टोलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं जीविका केंद्रों पर भी कार्यक्रम के आयोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कराते हुए इसे जिले में सफलतापूर्वक आयोजित कराया जाए।
जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता पर जोर
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रखंडस्तरीय पदाधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों का फीडबैक लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें समयपूर्वक आमंत्रित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी संबंधित एमओआईसी, सीडीपीओ, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जीविका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। साथ ही आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित कराएंगे।
जीविका को दीयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने डीपीएम, जीविका को निर्देश दिया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए आवश्यक संख्या में दीयों की उपलब्धता की समीक्षा कर लें।
उन्होंने संबंधित कार्यालयों एवं पदाधिकारियों को समय पर दीया उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कार्यक्रम के आयोजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
फोटो, वीडियो एवं अन्य दस्तावेजों का होगा संग्रहण
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम का समुचित दस्तावेजीकरण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से संबंधित उच्च गुणवत्ता के फोटो, वीडियो, बाइट एवं टेस्टिमोनियल आदि का संग्रहण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम की तैयारियों एवं आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक गतिविधियों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से रखा जाए।
आपसी समन्वय से कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्देश
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाए। जिले के प्रत्येक क्षेत्र में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने की दिशा में कार्य किया जाए।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया, सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी श्रीमती रोचना माद्री, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती नगमा तबस्सुम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मासूम अंसारी, डीपीओ, आईसीडीएस, श्रीमती कविता रानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
वहीं, अनुमंडल एवं प्रखंडस्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।