Bihar News: एआईएसएफ ने राजापाकर में मशाल जुलूस निकालकर शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे पर किया प्रदर्शन

IMG-20260719-WA0020
Share News

संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत राजापाकर में छात्रों ने मशाल जुलूस निकालकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।

IMG 20260719 WA0020

राजापाकर हाई स्कूल चौक से निकला मशाल जुलूस डाकघर चौक तक पहुंचा, जहां वह सभा में तब्दील हो गया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विभिन्न मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की।

कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए संगठन के जिला अध्यक्ष प्रकाश प्रियदर्शी ने कहा कि देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर छात्रों में व्यापक असंतोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने जंतर-मंतर, नई दिल्ली में सोनम वांगचुक के प्रदर्शन के प्रति समर्थन भी व्यक्त किया।

प्रदर्शन के दौरान प्रतिभागियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक पर प्रभावी रोक लगाने तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की। कार्यक्रम के दौरान कुछ प्रतिभागियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे भी लगाए।

इस अवसर पर सिक्कम कुमार, राजा हिप्पा, अभिषेक कुमार उर्फ छोटू पासवान, राहुल कुमार, गोलू कुमार, राहुल पासवान, अनिकेत कुमार, नंदेश यादव, आदर्श रंजन, निशांत कुमार सहित संगठन के कई कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।

Trending News