Agra News :आगरा में शिव आराधना से सराबोर हुआ रुद्राभिषेक समारोह, 8 दिनों में 21 से अधिक अनुष्ठान संपन्न
संवाददाता मुस्कान सिंह आजाद
आगरा। भगवान शिव की आराधना, वैदिक मंत्रोच्चार और आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच सुनीता गुप्ता एवं डॉ. सुशील गुप्ता के निवास पर पावन रुद्राभिषेक एवं पूजन समारोह श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान वैदिक मंत्रों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

आध्यात्मिक आयोजन की श्रृंखला के अंतर्गत पिछले आठ दिनों में 21 से अधिक रुद्राभिषेक एवं पूजा-अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इन अनुष्ठानों के लिए बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम से ब्रह्मचारी देव चैतन्य जी, पंडित श्रवण पांडे जी एवं सचिन मिश्रा जी विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अनुष्ठान संपन्न कराया।
रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शिव स्तुति और सामूहिक प्रार्थना से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को आंतरिक शांति, सेवा, करुणा, सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया गया।
आयोजन में वीडीएस कोऑर्डिनेटर रानी बंसल, कंचन आहूजा, सीमा, जिला शिक्षक समन्वयक मुक्ता चतुर्वेदी, स्टेट टीचर कोऑर्डिनेटर डॉ. रश्मि मिश्रा, स्टेट चिल्ड्रन एवं टीन कोऑर्डिनेटर रुचिरा ढल सहित वरिष्ठ शिक्षक सुनील अग्रवाल, नीता शर्मा, ममता रल्ली एवं गायक रवि खुल्लर की विशेष सहभागिता रही।
इस अवसर पर डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं, संतों, पंडितों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिव आराधना केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर शांति, करुणा और चेतना को जागृत करने का माध्यम है। सामूहिक प्रार्थना और सेवा की भावना का सकारात्मक प्रभाव समाज पर भी पड़ता है।
पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का समापन भगवान शिव से सर्वजन के सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।