Agra News :आगरा मंडल में अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस: रेलवे ने चलाया विशेष सुरक्षा अभियान, लोगों को किया जागरूक

Share News

आगरा। अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में व्यापक सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में समपार फाटकों पर सड़क उपयोगकर्ताओं को रेलवे सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई और संभावित दुर्घटनाओं से बचने के उपाय बताए गए।

उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी यतेन्द्र कुमार एवं आगरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के दिशा-निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आफताब अहमद के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान संरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के साथ मिलकर लोगों को समपार फाटक बंद होने पर आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित किया।

IMG 20260610 WA0009 1

रेलवे अधिकारियों ने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को गेट बूम के नीचे से निकलने जैसी खतरनाक गतिविधियों से बचने की सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि कुछ मिनटों की जल्दबाजी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।

अभियान के तहत वाहनों पर सुरक्षा संबंधी स्टीकर लगाए गए, पम्फलेट वितरित किए गए तथा रेलवे सुरक्षा संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में समपार फाटक संख्या 6, 8, 77, 496, 498, 499, 501 एवं 511 पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रेलवे ने सड़क उपयोगकर्ताओं से अपील की कि फाटक बंद होने पर ट्रेन गुजरने और बैरियर खुलने तक धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा करें तथा कभी भी बंद फाटक के ऊपर, नीचे या किनारे से पार करने का प्रयास न करें। साथ ही गेटमैन पर फाटक खोलने के लिए दबाव न बनाने और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने का आग्रह किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों और सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

Trending News