Prayagraj News :लगभग 443 करोड की 84 परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति पर चर्चा करते हुए प्रमुख सचिव ने सभी विभागीय अधिकारियों को समस्त औपचारिकताएं एक हफ्ते में पूर्ण करने के निर्देश दिए
रिपोर्ट विजय कुमार
महाकुम्भ 2025 के दृष्टिगत शीर्ष समिति की प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ बैठकों में स्वीकृत स्थायी / अस्थाई परियोजनाओं, जिसका शासनादेश निर्गत होना शेष है, उनका शासनादेश शीघ्र निर्गत कराने हेतु आज प्रमुख सचिव, नगर विकास, श्री अमृत अभिजात की अध्यक्षता में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में लगभग 443 करोड की 84 परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति पर चर्चा करते हुए प्रमुख सचिव ने सभी विभागीय अधिकारियों को समस्त औपचारिकताएं एक हफ्ते में पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि शासन आदेश निर्गत कराए जा सकें। साथ ही महाकुंभ 2025 से संबंधित अस्थाई परियोजनाओं की सूची बनाकर एक माह में प्रस्तुत करने को कहा तथा सभी परियोजनाओं को समय अंतर्गत पूर्ण करने हेतु उनकी मासिक टाइम लाइन बनाने के भी निर्देश दिए।
महाकुम्भ मेले के कार्यों को और तीव्र गति से कियान्वित कराने हेतु बैठक में मण्डलायुक्त श्री विजय विश्वा पंत ने प्रमुख सचिव से कई विभागों में अतिरिक्त मैनपावर / अधिकारी नियुक्त करने का भी निवेदन किया। लो०नि०वि० के नियुक्त अधिकारियों पर कार्यभार अधिक होने के कारण उसमें अतिरिक्त जे०ई० एवं ए०ई० की शीघ्र तैनाती, नगर निगम सीमा के विस्तारोपरान्त ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन एवं बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के दृष्टिगत अतिरिक्त जे0ई0, जोनल एवं एस०आई० की तैनाती तथा माघ मेले 2024 को महाकुम्भ 2025 का ट्रेनिंग ग्राउण्ड मानते हुए अपेक्षित पुलिस बल की भी तैनाती अतिशीघ्र करने का अनुरोध किया गया।
समीक्षा की गयी परियोजनाओं में उ०प्र०पा०का० की 09, लो0नि0वि0 की 12, उ0प्र0 जलनिगम की 03, मोती लाल नेहरू मेडिकल कालेज की 12, स्वास्थ्य विभाग की 18, नगर निगम की 09, उ०रा०स०परि०नि० की 06 प्रया0वि0प्रा0 की 08, पर्यटन विभाग की 02, प्रयागराज मेला प्राधिकरण की 01 तथा वन विभाग की 04 परियोजनायें सम्मिलित थीं।