Etawah News: Twelve nomination papers canceled from Sadar and Bharthana Vidhan Sabha
ब्यूरो संवाददाता
इटावा: निर्वाचन प्रक्रिया के तीसरे चरण में जिले की तीन विधानसभाओं के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच बुधवार को की गई जिसमे एक साथ सदर व भरथना विधानसभा में बारह नामांकन पत्र निरस्त हुए। विधानसभा 199 जसवन्तनगर, विधानसभा 200 इटावा सदर एवं विधानसभा 201 भरथना के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा की गई। इनमें सदर विधानसभा से कुल 8 जबकि, भरथना विधानसभा के 4 नामांकन पत्र निरस्त होने के बाद कुल 26 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं।
सदर विधानसभा इटावा में सर्वाधिक 11 प्रत्याशी शेष बचे हैं, जबकि भरथना विधानसभा के लिए कुल आठ व जसवंतनगर विधानसभा के लिए 7 प्रत्याशी मैदान में है। शुक्रवार को नाम वापसी का अंतिम दिन है, और इसी के साथ नामांकन प्रक्रिया का यह चरण पूरा हो जाएगा। बुधवार को भी कड़ी सुरक्षा के साथ ही कचहरी परिसर में किसी भी व्यक्ति को अनाधिकृत प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। इस बार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।