संवाददाता मोहन सिंह बेतिया
जीविका के महिला संकुल संघों को स्वावलंबी और सशक्त बनाने की दिशा मे जिले की महिला संकुल संघों का सहकारिता विभाग के द्वारा निबंधन कार्य जारी है। इसी क्रम में बैरिया प्रखंड के “जागृति जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड बैरिया” और “भारत जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड जगदीशपुर, नौतन” को निबंधन पत्र जिला सहकारिता पदाधिकारी अमृतांश ओझा ने दोनों संकुल संघ की अध्यक्ष दीदी को प्रदान किया। इस मौके पर जागृति संकुल संघ की अध्यक्ष मेनका देवी ने बताया कि उनके संकुल संघ के निबंधन से संकुल से जुड़ी सभी दीदी काफी खुश हैं और अब उनकी संस्था एक वैधानिक संस्था बन गई है। वैधानिक संस्था होने के नाते अब दीदी विभिन्न प्रकार की सेवा की अपूर्ति मे हिस्सा ले सकती है। भारत संकुल संघ कि अध्यक्ष किरण देवी ने बताया कि समूह से ले कर ग्राम संगठन और अब निबंधित संकुल संघ बनने का सफर दीदियों के संगठन की शक्ति को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि अब हम लोग सरकारी निविदा प्रक्रिया एवं अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए समर्थ हो जाएंगे। अब सरकार द्वारा दिए गए बड़े कार्य भी आसानी से किया जा सकेगा।

जीविका के प्रबंधक संस्था निर्माण एवं क्षमता वर्धन मुकेश कुमार ने बताया प्रत्येक पांच वर्षो मे बारह सदस्यों के निदेशक मंडल का चुनाव सहकारिता विभाग की देख- रेख मे कराया जाएगा, जिससे सभी दीदी को संस्था को चलाने का मौका मिल सकेगा। इस मौके पर उपस्थित जिला परियोजना प्रबंधक अविनाश कुमार ने बताया कि इससे सदस्यों के बीच पारस्परिक सहायता और एवं स्वावलंबन का भाव जागृत होगा जो दीदियों को आर्थिक स्वावलंबी तो बनाएगा ही साथ ही इससे लोगों में सहकारी भाव भी विकसित होगा। यह सामाजिक एवं आर्थिक सुधार की दिशा मे मील का पत्थर साबित होगा।

बताते चलें कि पूर्व मे भी बगहा 2 प्रखण्ड के सत्याग्रह जीविका महिला संकुल संघ , मझौलिया प्रखंड के आकाश संकुल संघ और गौनाहा प्रखण्ड मे नारी शक्ति महिला संकुल संघ को सहकारिता विभाग द्वारा निबंधन प्रमाण पत्र जारी किया जा चुका है। जिसके आधार पर इन संकुल संघों द्वारा सहकारिता से जुड़ी क्रियाकलाप सामूहिक रुप से की जा रही है।