संवाददाता: मनोज कुमार
जसवंतनगर/इटावा: सवारियों से भरी दिल्ली जा रही प्राइवेट बस में यहां अचानक आग लग गई जिससे बस धू धू कर जल गई। हालांकि बस में सवार आधा सैकड़ा से ज्यादा सवारियों ने कूद फांद कर अपनी जान बचा ली है।

हाइवे पर आग का गोला बनी बस
बीती रात दो बजे के करीब एक प्राइवेट बस RJ 27 PB 2957 हाईवे पर दिल्ली की ओर करीब 60 सवारियों को लेकर जा रही थी। जैसे ही सराय भूपत रेलवे क्रासिंग के निकट एक ढाबे के सामने से गुजरी तभी उसमें आग लगने लगी। अचानक लगी आग बढ़ते देख सवारियों में चीख-पुकार मच गई। ड्राइवर कंडक्टर बस से कूदकर फरार हो गए। सवारियों ने जल्दी-जल्दी बस में से कूदना फांदना शुरू किया। कोई खिड़की से कूदा तो कोई गेट से जैसे तैसे सवारियों ने कूद फांदकर जान बचाई। कुछ एक को छोड़कर लगभग सभी सवारियों ने अपना सामान भी सुरक्षित निकाल लिया।

बस में लगी आग तेजी से बढ़ती गई और बस धू-धू कर हाईवे पर जलने लगी। सूचना पर तत्काल पहुंचे सीओ राजीव प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर अमरपाल सिंह, एसआई नितेंद्र वशिष्ठ समेत पुलिस बल ने सभी सुरक्षित सवारियों को दूसरी बस से दिल्ली के लिए रवाना किया। पुलिस की सूचना पर पहुंची दमकल मशीन से आग बुझाई गई लेकिन तब तक बस धू धू कर जल चुकी थी।
बताया गया है कि राजस्थान नंबर की यह प्राइवेट बस मदारीपुर से कानपुर होते हुए दिल्ली की ओर जा रही थी और इसका एक टायर घर्षण के कारण गर्म होकर चिंगारियां छोड़ने लगा जिससे धीरे धीरे वह चिंगारियां आग की लौ में तब्दील हो गईं और इस आग ने बस को अपने आगोश में ले लिया। गनीमत रही कि सवारियों की जान सुरक्षित बच गई। अधिक कमाई करने के चक्कर में प्राइवेट बस मालिकों द्वारा परिवहन संबंधित नियम कानूनों को ताक पर रखकर प्राइवेट बसों का संचालन किया जा रहा है और आए दिन प्राइवेट बसों में हादसे हो रहे हैं। आखिर प्रशासन इन प्राइवेट बस माफियाओं के आगे बेबस मौन क्यों है!