Bihar news बेतिया में शीघ्र फंक्शनल होगा फोरेंसिंक लैब, स्थल हुआ चिन्हित, आपराधिक मामले सुलझाने में मिलेगी मदद।

IMG-20210614-WA0020
Share News

संवाददाता मोहन सिंह।

बेतिया जिलाधिकारी, कुंदन कुमार द्वारा द्वारा आज कार्यालय प्रकोष्ठ में भूमिहीन थानों, विद्यालयों सहित अन्य विभागों को भूमि उपलब्ध कराने हेतु किये जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा कार्यालय प्रकोष्ठ में की गयी। जिलाधिकारी अधिकारियों को निदेशित करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों को भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई में तीव्रता लायी जाय। इस कार्य को तत्परतापूर्वक किया जाय ताकि सरकार के विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं को शीघ्र ही धरातल पर उतारा जा सके।

समीक्षा के क्रम में पुलिस अधीक्षक, बेतिया, उपेन्द्र नाथ वर्मा द्वारा बताया गया कि फोरेंसिंक लैब की स्थापना हेतु पुलिस लाईन, बेतिया में स्थल चिन्हित कर लिया गया है। शीघ्र ही आगे की कार्रवाई प्रारंभ की जायेगी। उन्होंने बताया कि फोरेंसिंक लैब फंक्शनल हो जाने से बेतिया, बगहा सहित मोतिहारी जिले की पुलिस को आपराधिक घटनाओं को सुलझाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि बेतिया पुलिस जिला में श्रीनगर थाना (बैरिया), जगदीशपुर ओ0पी0 (नौतन), शनिचरी ओ0पी0 (योगापट्टी), नवलपुर ओ0पी0 (योगापट्टी), यातायात थाना (बेतिया), बानुछापर ओ0पी0 (बेतिया), कुमारबाग ओ0पी0 (चनपटिया), कालीबाग ओ0पी0 (बेतिया) की अपनी भूमि नहीं है। भूमि की उपलब्धता हेतु संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है।

जिलाधिकारी द्वारा बारी-बारी से सभी थानों/ओपी के लिए भूमि की उपलब्धता/हस्तानांतरण से संबंधित जानकारी प्राप्त की गयी तथा संबंधित डीसीएलआर, अंचलाधिकारी को एक सप्ताह के अंदर भूमि की उपलब्धता/हस्तानांतरण से संबंधित प्रस्ताव स्थलीय निरीक्षण करते हुए नजरी नक्शा के साथ उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि गृह विभाग द्वारा थानों/ओपी से संबंधित भूमि की उपलब्धता से संबंधित कार्य प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही है। अतः इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक सप्ताह के अंदर हर हाल में पूर्ण किया जाय।

बगहा-02 प्रखंड में बनने वाले पुलिस लाइन, नरकटियागंज प्रखंड में बनने वाले कारा, व्यवहार न्यायालय, साॅलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम तथा लौरिया प्रखंड अंतर्गत संगीत विश्वविद्यालय हेतु भूमि की उपलब्धता हेतु किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की गयी। साथ ही गौनाहा प्रखंड अंतर्गत रमपुरवा अशोक स्तंभ सहित आसपास के क्षेत्र को डेवलप करने के लिए भूमि की उपलब्धता, बैरिया प्रखंड अंतर्गत शवदाह गृह हेतु भूमि की उपलब्धता, बेतिया प्रखंड अंतर्गत संग्रहालय निर्माण हेतु भूमि की उपलब्धता आदि की समीक्षा की गयी। वहीं अंतराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, सम्राट अशोक भवन निर्माण हेतु भूमि हस्तानांतरण से संबंधित विषय की समीक्षा की गयी। सीओ, बैरिया द्वारा बताया गया कि शवदाह गृह हेतु भूमि संबंधित प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है, शीघ्र ही अग्रतर कार्रवाई होगी। अपर समाहर्ता, श्री नंदकिशोर साह ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा दिये गये निदेश के आलोक में भूमि की उपलब्धता, हस्तानांतरण आदि हेतु अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारियों को निदेश दिया कि जिले में जितने भी सरकारी भूमि हैं, इनका डाटाबेस तैयार करते हुए अविलंब लैंड बैंक तैयार करना है ताकि भूमि की आवश्यकता पड़ने पर परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। इस कार्य को प्राथमिकता के साथ अविलंब पूर्ण किया जाय। समीक्षा के क्रम में बताया गया कि मधुबनी अंचल द्वारा लगभग 200 एकड़ से संबंधित लैंड बैंक तैयार कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने मधुबनी अंचल द्वारा किये गये कार्यों की सराहना की गयी तथा अन्य सभी अंचलों को अविलंब लैंड बैंक पूरी तरह से तैयार करने का निदेश दिया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, बेतिया, उपेन्द्र नाथ वर्मा, सहायक समाहर्ता, एस. सेधु माधवन, अपर समाहर्ता, श्री नंदकिशोर साह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनिल राय आदि उपस्थित रहे तथा पुलिस अधीक्षक, बगहा सहित सभी एसडीएम, अंचलाधिकारी आदि वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। फोटो

You may have missed