Bihar News: बाघ के हमले में मृतक के परिजनों को मिला 10 लाख रुपये का मुआवजा
संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वन प्रमंडल-2) के अधिकारियों ने बाघ के हमले में जान गंवाने वाले आकलू यादव के परिजनों को सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि प्रदान की। सोमवार को वाल्मीकिनगर वन प्रमंडल-2 के रेंजर सत्यम कुमार मृतक के घर पहुंचे, जहां उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी को परिवार के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में 9 लाख 80 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद अंतिम संस्कार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए मृतक के पुत्र को 20 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई थी।
इस प्रकार सरकार की ओर से मृतक के परिजनों को कुल 10 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता (मुआवजा) प्रदान की गई है।
रेंजर ने कहा कि वन विभाग पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है और भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने जंगल से सटे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं बाघ या अन्य वन्यजीवों की गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।