Etawah News : जिलाधिकारी ने किया बूथों का औचक निरीक्षण, तीन बीएलओ अनुपस्थित मिलने पर जताई नाराजगी
संवाददाता: मनोज कुमार
इटावा। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे डीएम को तीन बीएलओ अपने निर्धारित बूथों से अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तीनों बीएलओ के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक संचालित होगा। इसके अंतर्गत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम एवं पते में संशोधन कराने तथा दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है।

पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अवसर देने के लिए 28 और 29 नवंबर को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान बीएलओ एवं पदाभिहित अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं से आवेदन और दावे-आपत्तियां प्राप्त करेंगे। इसी क्रम में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज स्थित मतदेय स्थल संख्या 75, 76 और 77 का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने कंपोजिट विद्यालय के बूथ संख्या 78 से 86 तथा हिंदू इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 87 से 90 तक पहुंचकर पुनरीक्षण अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान हिंदू इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 87 पर बीएलओ अंसार हुसैन वारिश, बूथ संख्या 88 पर बीएलओ प्रीति शुक्ला तथा बूथ संख्या 89 पर बीएलओ अभिषेक कुमार अनुपस्थित पाए गए। निर्धारित समय पर बूथों पर कर्मचारियों की गैरमौजूदगी को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने नाराजगी जाहिर की और तीनों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान सभी बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के फार्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
डीएम के औचक निरीक्षण से पुनरीक्षण अभियान में लगे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।