UP News : तेज आंधी-बारिश में करकट और टीन शेड गिरा, परिवार के कई सदस्य घायल
संवाददाता, आलापुर, अम्बेडकरनगर।
अम्बेडकरनगर जनपद के आलापुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महेशपुर मंडप, पोस्ट बसहिया गंगासागर निवासी रमावती पत्नी स्वर्गीय दयाराम के परिवार के लिए छह अक्टूबर की शाम आई तेज आंधी और बारिश आफत बन गई। तेज हवाओं के बीच घर की दीवार पर रखा सीमेंट करकट और टीन शेड टूटकर नीचे गिर गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के नीचे मौजूद थे, जिससे कई लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।

हादसे में रमावती की पुत्री मंजू के सिर में चोट लगी, जबकि अवंतिका के सिर में भी गंभीर चोट आने की बात बताई गई है। रमावती को भी शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। हादसे के बाद परिजनों ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बारिश में राशन और गृहस्थी का सामान बर्बाद
पीड़ित परिवार के अनुसार, तेज बारिश के कारण घर में रखा राशन, खाने-पीने का सामान, गृहस्थी की जरूरी वस्तुएं तथा ओढ़ने-बिछाने के कपड़े पानी में भीगकर खराब हो गए। परिवार का कहना है कि जरूरी सामान और राशन बर्बाद होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
नुकसान का जायजा लेने नहीं पहुंचे अधिकारी
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी होने के बावजूद संबंधित लेखपाल मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेने नहीं आए। वहीं, क्षेत्रीय ग्राम पंचायत अधिकारी और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों के भी घटनास्थल पर नहीं पहुंचने की बात कही जा रही है।
प्राकृतिक आपदा के बाद परिवार के कई सदस्यों के घायल होने और घर व गृहस्थी का सामान क्षतिग्रस्त होने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर मौके का निरीक्षण नहीं होने से पीड़ित परिवार में नाराजगी है। परिवार का सवाल है कि आपदा की स्थिति में यदि जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन नहीं करेंगे तो पीड़ितों को राहत कैसे मिलेगी।
आर्थिक सहायता की मांग
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से राजस्व एवं ब्लॉक अधिकारियों को मौके पर भेजकर नुकसान का सर्वे कराने, घायलों की मदद करने तथा राशन एवं गृहस्थी के सामान की क्षति के एवज में नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द राहत दिलाए जाने की गुहार लगाई है।