Bihar News : कृषि विज्ञान केंद्र वैशाली में RPCAU पूसा के विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण
संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली
कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), वैशाली में डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (RPCAU), पूसा के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रधान, KVK वैशाली के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने डॉ. ए.के. पासवान, एसोसिएट प्रोफेसर, डॉ. निकिता मिश्रा, सहायक प्राध्यापक (कृषि अभियांत्रिकी) तथा डॉ. ईश प्रकाश, सहायक प्राध्यापक (पादप रोग विज्ञान), RPCAU, पूसा के साथ कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण किया।

इस दौरान विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान केंद्र के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं प्रमुख अधिदेश के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, किसानों एवं ग्रामीण युवाओं के लिए KVK द्वारा संचालित प्रशिक्षण, प्रौद्योगिकी प्रदर्शन, क्षमता निर्माण तथा नवीन कृषि तकनीकों के प्रसार से संबंधित गतिविधियों से भी अवगत कराया गया।
भ्रमण के दौरान डॉ. कविता वर्मा, विषय वस्तु विशेषज्ञ (गृह विज्ञान) एवं श्री अंशुमान द्विवेदी, कार्यक्रम सहायक (लैब टेक्नीशियन) ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। RAWE (Rural Agricultural Work Experience) के विद्यार्थियों ने भी भ्रमण में सक्रिय रूप से भाग लिया।
विद्यार्थियों ने कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण इकाइयों का भ्रमण एवं अवलोकन किया। इनमें वर्मी कम्पोस्ट इकाई, कृषि यंत्र एवं मशीनरी इकाई, फलोद्यान (Orchard), केला रेशा निष्कर्षण एवं प्रसंस्करण इकाई, मखाना प्रदर्शन इकाई, अजोला प्रदर्शन इकाई तथा संरक्षित खेती इकाई प्रमुख थीं। विद्यार्थियों ने इन इकाइयों में अपनाई जा रही कृषि तकनीकों एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को कृषि की विभिन्न गतिविधियों एवं आधुनिक कृषि तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ। साथ ही, उन्हें कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को खेत एवं विभिन्न कृषि इकाइयों में किए जा रहे वास्तविक कार्यों से जोड़ने का अवसर मिला।
यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों एवं व्यावहारिक कृषि कार्यों को समझने की दिशा में उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक अनुभव रहा।