Unnao News : राजकीय महाविद्यालय लोटन पुरवा में रोजगारपरक कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

IMG-20260915-WA0174
Share News

संवाददाता: रजनीश कुमार 

उन्नाव। राजकीय महाविद्यालय लोटन पुरवा, उन्नाव में विद्यार्थियों को रोजगार के लिए आवश्यक कौशल एवं दक्षताओं से परिचित कराने के उद्देश्य से एक सप्ताह के रोजगारपरक कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

IMG 20260915 WA0177

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. प्रशांत ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है। रोजगार प्राप्त करने तथा कार्यक्षेत्र में सफल होने के लिए संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, समस्या समाधान एवं साक्षात्कार जैसे व्यावहारिक कौशल का विकास भी आवश्यक है। यह एक सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को रोजगार की आवश्यकताओं को समझने और अपने कौशल को विकसित करने में उपयोगी सिद्ध होगा।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नंदिनी फाउंडेशन के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है, जिसका संचालन प्रशिक्षक श्री सुमित पांडेय द्वारा किया जाएगा। एक सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न रोजगारपरक कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संवाद क्षमता, व्यक्तित्व विकास तथा रोजगार एवं साक्षात्कार की तैयारी में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में बीसीए बीबीए बीकॉम बीए बीएससी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महाविद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने तथा इसका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. लोकेश्वर,डॉ. इशांत सहाय,डॉ. रजनीश कुमार, डॉ. अखिलेश मिश्रा, डॉ.शिव गुलाम, रमा शिव,अनुज पाल, धीरेंद्र सिंह एवं आरती देवी सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।

Trending News