Bihar News : बाकरपुर पंचायत में पंचायत सहयोग शिविर, 29 आवेदनों में 22 का मौके पर निष्पादन

IMG-20260915-WA0019
Share News

संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।

प्रखंड क्षेत्र के बाकरपुर पंचायत सरकार भवन परिसर में पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवेदन प्राप्त किए।

IMG 20260915 WA0019

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला से आए सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा अमृत ओझा उपस्थित रहे। शिविर का उद्घाटन अमृत ओझा, प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, अंचलाधिकारी निशा यादव, बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार तथा मुखिया प्रतिनिधि राजीव रंजन यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

IMG 20260915 WA0022

शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, आवास योजना, मनरेगा, श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के स्टॉल पर आवेदन जमा किए।

नल-जल की समस्या रही प्रमुख

शिविर के दौरान नल-जल की समस्या लोगों के बीच प्रमुख रूप से सामने आई। इस संबंध में पीएचईडी की कनीय अभियंता अनामिका कुमारी ने बताया कि नल-जल से संबंधित समस्याएं संज्ञान में आई हैं। जहां-जहां समस्या है, उसका जल्द समाधान करने का प्रयास किया जाएगा और आम नागरिकों को नल-जल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

29 आवेदन प्राप्त, 22 का मौके पर निष्पादन

प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 22 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष सात आवेदन लंबित हैं। लंबित आवेदनों को संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को सौंप दिया गया है। संबंधित अधिकारी 30 दिनों के भीतर समस्या का समाधान कर आवेदकों को इसकी जानकारी देंगे।

शिविर में आवास योजना के आठ लाभुकों, राशन कार्ड के पांच, आयुष्मान कार्ड के सात तथा जॉब कार्ड के चार लाभुकों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया।

गर्भवती महिला की हुई गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन

बाल विकास परियोजना के तहत आंगनबाड़ी सेविका द्वारा शिविर में एक गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म कराई गई। वहीं दो बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया। इस दौरान महिलाओं को खान-पान पर विशेष ध्यान देने तथा पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी गई। महिलाओं को आयरन, कैल्शियम और बी-कॉम्प्लेक्स के नियमित सेवन के संबंध में भी जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर लोगों को विभिन्न दवाइयां वितरित की गईं। वहीं श्रम विभाग के स्टॉल पर लोगों को बाल श्रम कानून के प्रति जागरूक किया गया। बताया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से होटल, चाय दुकान, किराना दुकान सहित अन्य प्रतिष्ठानों में काम कराना श्रम कानून के विरुद्ध है।

शिविर में बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, सीओ निशा यादव, बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार, मुखिया प्रतिनिधि राजीव रंजन यादव, थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठक, कनीय अभियंता अनामिका कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य, कृषि समन्वयक कुशेश्वर सिंह, बीसीएम रामराज कुमार, बीपीएम जीविका राजकुमार साह, सीडीपीओ मीरा कुमारी, विकास मित्र चंद्रकेश्वर कुमार, राजू कुमार, दिलीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रखंड कर्मियों में पंकज कुमार, संजीत कुमार सहित अन्य कर्मी भी उपस्थित थे।

Trending News