Ambedkar News : बारिश की रात चोरों का धावा, किसान की सिंचाई मोटर चोरी; पुलिस पर उठे सवाल
खेत और मुर्गी फार्म भी नहीं सुरक्षित, पिन्डोरिया में मोटर चोरी से किसानों में आक्रोश
अम्बेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के पिन्डोरिया गांव में बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात चोर एक किसान के खेत में लगी सिंचाई मोटर चोरी कर ले गए। घटना के बाद किसान ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए एफआईआर दर्ज करने, चोरी गई मोटर बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
संवाददाता, आलापुर, अम्बेडकर नगर।
ग्राम पंचायत पिन्डोरिया निवासी सतेन्द्र पुत्र बलराम ने खेत की सिंचाई के लिए लूबी कंपनी की डेढ़ हॉर्स पावर की मोटर सौर पैनल से जोड़कर स्थापित की थी। पीड़ित किसान के अनुसार, 24 अगस्त 2026 की रात करीब 1 बजे से 4 बजे के बीच तेज बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात चोर खेत में घुसे और सिंचाई मोटर चोरी कर ले गए।
सुबह जब सतेन्द्र अपने मुर्गी फार्म और खेत पर पहुंचे तो मोटर गायब मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास के क्षेत्र में काफी खोजबीन की, लेकिन चोरी गई मोटर का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को भी दी गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मोटर बरामद नहीं हो सकी थी।
पीड़ित किसान का आरोप है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे किसानों और ग्रामीणों में भय एवं आक्रोश का माहौल है। किसानों का कहना है कि खेती-किसानी में उपयोग होने वाले उपकरण चोरी होने से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की चिंता भी बनी रहती है।
सतेन्द्र ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या 40017826035546 दर्ज कराते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच, अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, चोरी गई मोटर की बरामदगी तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने थाना अध्यक्ष को भी शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
इस मामले में थाना अध्यक्ष से फोन पर संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों और किसानों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।