Bihar News :प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी, ‘खेलो और सीखो’ पर हुई चर्चा

WhatsApp Image 2026-08-29 at 4.47.41 PM
Share News

संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालयों में बच्चों की शिक्षा, नियमित उपस्थिति और उनके सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका को लेकर चर्चा की गई।

इसी क्रम में पीएम श्री राजकीय आदर्श मध्य विद्यालय राजापाकर के सभागार में ‘खेलो और सीखो’ विषय पर आधारित शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभात कुमार चौधरी ने किया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक प्रभात कुमार चौधरी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल के माध्यम से सीखने की प्रवृत्ति विकसित करना तथा उनके सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

विद्यालय के शिक्षकों ने अभिभावकों को बताया कि खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनके मानसिक एवं सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में एकाग्रता, अनुशासन, सहयोग की भावना, नेतृत्व क्षमता और समस्या समाधान जैसे गुण विकसित होते हैं। शिक्षकों ने अभिभावकों से कहा कि पढ़ाई के साथ बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार खेलों में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

इस दौरान बच्चों की नियमित उपस्थिति, पढ़ाई के प्रति रुचि और घर पर अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर भी अभिभावकों से चर्चा की गई। शिक्षकों ने कहा कि विद्यालय और परिवार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धि में सुधार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में विभिन्न खेल आधारित गतिविधियों एवं शिक्षण विधियों की जानकारी भी अभिभावकों को दी गई। अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सहयोग करने तथा बच्चों को खेल और शिक्षा दोनों के लिए प्रोत्साहित करने का भरोसा दिलाया।

संगोष्ठी के समापन पर शिक्षकों ने कहा कि ‘खेलो और सीखो’ की अवधारणा बच्चों के लिए शिक्षा को रोचक, सहज और आनंददायक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में पोषक क्षेत्र के सैकड़ों अभिभावक एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

Trending News