Agra News : प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह, ‘अक्षरा 2025-26’ का विमोचन
आगरा। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने साहित्यिक, सांस्कृतिक, संगीत एवं नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। तिरंगे के सम्मान में पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति और गौरव की भावना से सराबोर नजर आया।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री शशि भूषण शिरोमणि रहे। स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े उनके अनुभव तथा सामाजिक सेवा, शिक्षा, वास्तुकला और राष्ट्रनिर्माण के प्रति उनका समर्पित जीवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी रहा।
प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल के संबोधन के बाद हेड बॉय तन्मय श्रीवास्तव ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विचार रखे। इसके बाद प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी के विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
‘अक्षरा 2025-26’ का हुआ विमोचन
समारोह का विशेष आकर्षण विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘अक्षरा 2025-26’ का विमोचन रहा। पत्रिका में विद्यार्थियों की साहित्यिक प्रतिभा, रचनात्मक अभिव्यक्ति, उपलब्धियों और विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता के मूल्यों को समझने, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
इंटरैक्ट क्लब को मिला सर्वश्रेष्ठ क्लब का सम्मान
इंटरैक्ट जिला सम्मेलन में प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल ने RID 3110 के 110 विद्यालयों में सर्वश्रेष्ठ इंटरैक्ट क्लब का गौरव हासिल किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में छह प्रतिष्ठित जिला स्तरीय सम्मान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
सम्मानित विद्यार्थियों में हर्ष भारद्वाज, अंशुमन सिकरवार, अपार शल्या, अर्ज रागिनी सारस्वत, अंशिका मिश्रा एवं साक्षी भोजवानी शामिल रहे। वहीं शिवांश मुरवरिया, उज्ज्वल अग्रवाल एवं अक्षर मिश्रा को जिला टीम में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

क्लब सलाहकार सुश्री चांदनी अरोड़ा को उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं नेतृत्व के लिए एक्टिव क्लब एडवाइजर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। विद्यालय को ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट सेवा के लिए विशेष उल्लेख तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के लिए ग्रीन स्कूल प्रमाण-पत्र भी प्राप्त हुआ।
गायन और नृत्य में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम के दूसरे चरण में अंतर्सदनीय सामूहिक नृत्य एवं गायन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने ऊर्जा, रचनात्मकता, अनुशासन और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय देते हुए शानदार प्रस्तुतियां दीं।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सुश्री ललिता करमचंदानी, सुप्रसिद्ध गायिका, लेखिका एवं मंच कलाकार; सुश्री रुचि शर्मा, प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना एवं प्रशिक्षिका तथा सुश्री उर्वशी शर्मा, कथक नृत्यांगना, संगीत शिक्षिका एवं मंच कलाकार शामिल रहीं। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के सुर, ताल, भावाभिव्यक्ति, अनुशासन, रचनात्मकता और सामूहिक प्रयास की सराहना की।
गायन प्रतियोगिता परिणाम:
प्रथम — एंड्रोमेडा सदन
द्वितीय — पेगेसिस सदन
तृतीय — ओरायन सदन
चतुर्थ — फीनिक्स सदन
नृत्य प्रतियोगिता परिणाम:
प्रथम — एंड्रोमेडा सदन
द्वितीय — पेगेसिस सदन
तृतीय — ओरायन सदन
चतुर्थ — फीनिक्स सदन
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा और सामूहिक प्रयास की सराहना की।
समापन अवसर पर डिप्टी हेड गर्ल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्यालय के अक्स बैंड की शानदार प्रस्तुति ने वातावरण में जोश, उमंग और देशभक्ति का संचार कर दिया।
डॉ. सुशील गुप्ता ने विद्यार्थियों और समस्त विद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।