Agra News :आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर में बड़ी उपलब्धि, आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक पाइलिंग कार्य पूरा

IMG-20260813-WA0072
Share News

आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर के निर्माण में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच बन रहे दूसरे कॉरिडोर के प्राथमिक सेक्शन आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक पाइलिंग फाउंडेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है।

यूपीएमआरसी के अनुसार, दूसरे कॉरिडोर के प्राथमिक सेक्शन में 1,988 पाइल का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। पूरे आगरा कैंट-कालिंदी विहार कॉरिडोर में कुल 4,096 पाइल, 762 पाइलकैप और 762 पियर का निर्माण किया जाना है। इनमें से अब तक 3,335 पाइल, 530 पाइलकैप और 481 पियर का निर्माण पूरा हो चुका है।

इसके अलावा लगभग 285 पियरकैप और 205 यू-गर्डर का परिनिर्माण भी पूरा किया जा चुका है। डौकी स्थित कास्टिंग यार्ड में पियरकैप और यू-गर्डर समेत अन्य प्रीकास्ट संरचनाओं की कास्टिंग का कार्य जारी है।

आगरा कैंट और सदर स्टेशन पर फिनिशिंग कार्य शुरू
मेट्रो के सिविल निर्माण के साथ स्टेशनों पर फिनिशिंग कार्य भी शुरू हो गया है। आगरा कैंट और सदर मेट्रो स्टेशन पर पत्थर लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके साथ ही जल्द ही सिस्टम्स से जुड़े कार्य भी शुरू किए जाएंगे।

ताजनगरी में कुल 29.4 किलोमीटर लंबे दो मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें कुल 27 स्टेशन होंगे। पहला कॉरिडोर लगभग 14 किलोमीटर लंबा है, जो ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बनाया जा रहा है। इस कॉरिडोर में 13 स्टेशन हैं, जिनमें 6 एलिवेटेड और 7 भूमिगत स्टेशन शामिल हैं।

IMG 20260813 WA0072

पहले कॉरिडोर के लगभग 6 किलोमीटर लंबे प्राथमिक सेक्शन में मेट्रो का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है। वहीं, लगभग 16 किलोमीटर लंबे दूसरे कॉरिडोर में आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच 14 एलिवेटेड स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है।

आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर में निर्माण कार्य की यह प्रगति शहर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Trending News