Bihar News: नरकटियागंज में भाकपा की पदयात्रा, भगत सिंह और मेजर हमीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद गूंजे जनसरोकार के नारे
संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर चल रहे पदयात्रा अभियान के सातवें दिन नरकटियागंज में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाई स्कूल चौक स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह एवं मेजर हमीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पदयात्रा की शुरुआत की। भाकपा की ओर से 6 अगस्त से शुरू किया गया यह पदयात्रा अभियान किसानों, मजदूरों, छात्रों, नौजवानों और महिलाओं को उनके अधिकारों एवं जनसमस्याओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अभियान का समापन 15 अगस्त को होगा।

पदयात्रा के दौरान भाकपा कार्यकर्ताओं ने देश, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के साथ महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध पर रोक लगाने की मांग उठाई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने किसानों का कर्ज माफ करने, उनकी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने, चारों लेबर कोड वापस लेने, पेपर लीक पर रोक लगाने तथा परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग की।

इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए टैक्स वापस लेने, डिजिटल पेमेंट पर टैक्स लगाने की कथित साजिश को बंद करने, पेपरलेस रजिस्ट्री का आदेश वापस लेने तथा सभी संविदा कर्मियों की सेवाओं को स्थायी करने की मांग भी उठाई गई।
हाई स्कूल चौक से शुरू हुई पदयात्रा थाना रोड, हॉस्पिटल रोड, आर्य समाज मंदिर रोड, हरदिया चौक, अनुमंडल कार्यालय रोड और मुशहरवा चौक होते हुए साठी के लिए रवाना हुई। रास्ते में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जागरूक किया और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करने की अपील की।
पदयात्रा का नेतृत्व भाकपा जिला सचिव ओम प्रकाश क्रांति, जिला नेता बब्लू दूबे, संजय सिंह, चंद्र भूषण सिंह, ज्वाला कांत दूबे, वृजेश चौबे, गंगा वर्मा और तारीक ने किया।
भाकपा नेताओं ने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से पार्टी लगातार किसानों, मजदूरों, छात्रों, युवाओं और महिलाओं के बीच पहुंचकर उन्हें मौजूदा जनसमस्याओं तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है। नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।