Agra News :उपभोक्ताओं की समस्याएं दूर करे केंद्र सरकार: LPG वितरक एसोसिएशन की बैठक में उठी मांग
संवाददाता प्रताप सिंह आजाद
आगरा। होटल सेवन हिल टावर, फतेहाबाद रोड पर रविवार को एलपीजी वितरक एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के साथ-साथ गैस एजेंसी संचालकों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीएस शर्मा ने कहा कि एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कुछ नीतियों के कारण गैस वितरकों के साथ-साथ उपभोक्ताओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान व्यवस्था में ग्रामीण उपभोक्ताओं को करीब 45 दिन और शहरी उपभोक्ताओं को करीब 25 दिन में रिफिल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने इस अंतर को समाप्त कर उपभोक्ताओं के लिए समान और सुविधाजनक व्यवस्था लागू करने की मांग की।
बीएस शर्मा ने कहा कि गैस एजेंसी संचालकों की समस्याओं का भी सरकार को समाधान करना चाहिए, ताकि एजेंसी संचालन में आने वाली परेशानियां दूर हो सकें और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक का संचालन पीयूष राय ने किया। इस दौरान कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, रामनिवास तिवारी, योगेश तिगुजायत और संजय यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।