संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिम चंपारण।
पश्चिम चंपारण जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 7 अगस्त 2026 को पुलिस सभागार, पुलिस केंद्र बेतिया में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चंपारण, बेतिया कुमार गौतम (भा.पु.से.) ने की।

बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01, सदर-02 एवं नरकटियागंज सहित सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, पर्यवेक्षी पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने कांडों के पर्यवेक्षण में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने तथा रात्रि गश्ती के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का आदेश दिया।
अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था के मद्देनजर थाना क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने और लगातार वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश भी दिया गया। जिले में वाहन चोरी से संबंधित मामलों का शीघ्र उद्भेदन करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने शराब तस्करों एवं लंबित कांडों के अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने का निर्देश दिया, ताकि मामलों का समय पर निष्पादन किया जा सके। इसके साथ ही विभिन्न कांडों में संलिप्त एवं वारंट निर्गत अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान सूचना का अधिकार, चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन, सर्विलांस प्रोसीडिंग, माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त आवेदनों तथा जनशिकायतों से संबंधित मामलों की त्वरित जांच एवं निष्पादन का भी निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थानों में लंबित सम्मन, ई-सम्मन, वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की सहित विभिन्न पुलिस पोर्टलों पर लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के आमजनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने तथा जनता की शिकायतों और समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने का निर्देश दिया।
बेतिया पुलिस अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए सर्वाेत्कृष्ट प्रयास करने हेतु प्रतिबद्ध है।