संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। भारत-नेपाल सीमा पर शांति, सौहार्द एवं आपसी समन्वय बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को 21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के रामपुरवा समवाय क्षेत्र अंतर्गत स्टेटस क्वो एरिया, सुस्ता में सशस्त्र सीमा बल एवं नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान भारत-नेपाल सीमा की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने सीमा क्षेत्र की स्थिति को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सामान्य बताया। बैठक में यह भी अवलोकन किया गया कि सुस्ता क्षेत्र के स्थानीय निवासी नेपाल की ओर जेसीबी मशीन एवं सैंड बैग की सहायता से तटबंध को सुदृढ़ करने का कार्य कर रहे हैं।
नेपाल एपीएफ की 26वीं वाहिनी, नवलपरासी के पुलिस अधीक्षक गोबिन्द बहादुर खाती ने आश्वासन दिया कि स्टेटस क्वो का किसी भी प्रकार से उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर शांति, सौहार्द एवं आपसी सहयोग बनाए रखने के लिए एपीएफ नेपाल का पूर्ण सहयोग आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय, नियमित संवाद एवं सहयोग के माध्यम से भारत-नेपाल सीमा पर शांति, सुरक्षा और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
बैठक में सशस्त्र सीमा बल की ओर से नंदन सिंह मेहरा, कमांडेंट, 65वीं वाहिनी एसएसबी, सुरेश शर्मा, द्वितीय कमान अधिकारी, 21वीं वाहिनी एसएसबी, बगहा तथा अवधेश कुमार, कंपनी कमांडर, रामपुरवा उपस्थित रहे। वहीं नेपाल एपीएफ की ओर से गोबिन्द बहादुर खाती, पुलिस अधीक्षक, 26वीं वाहिनी, नवलपरासी तथा तेज बहादुर बोरा, निरीक्षक एवं पोस्ट कमांडर, सुस्ता बैठक में शामिल हुए।