संवाददाता :सुशील कुमार
आगरा उत्तर प्रदेश
बाह (आगरा), 27 जुलाई। भदावर विद्या मंदिर (पी.जी.) कॉलेज, बाह, आगरा में भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक, भारत रत्न एवं विश्वविख्यात “मिसाइल मैन” डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महाविद्यालय परिवार ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेंद्र कुमार ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम केवल एक महान वैज्ञानिक ही नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने अपने जीवन को राष्ट्र निर्माण, विज्ञान एवं शिक्षा के विकास के लिए समर्पित किया। उनके विचार आज भी युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि डॉ. कलाम का जन्म 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में हुआ था। वर्ष 2002 से 2007 तक उन्होंने भारत के 11वें राष्ट्रपति के रूप में देश की सेवा की। भारत के एकीकृत निर्देशित मिसाइल विकास कार्यक्रम (IGMDP) में उनके महत्वपूर्ण योगदान तथा अग्नि और पृथ्वी जैसी मिसाइलों के विकास में उनकी अग्रणी भूमिका के कारण उन्हें “मिसाइल मैन” के नाम से विश्वभर में पहचान मिली। वर्ष 1998 के पोखरण–II परमाणु परीक्षण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। 27 जुलाई 2015 को मेघालय के शिलांग स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) में विद्यार्थियों को संबोधित करते समय उनका निधन हो गया था।

महाविद्यालय परिवार ने उनके प्रेरक विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. कलाम का जीवन सादगी, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और ज्ञान के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। विज्ञान एवं देश सेवा में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण प्रो. निर्भय सिंह, प्रो. शम्स आलम, प्रो. सुमन लता पाल, डॉ. सतीश यादव, डॉ. दिग्विजय नाथ यादव, डॉ. क्षमा मिश्रा, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. मुलायम सिंह यादव, श्री राघवेन्द्र सिंह, डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, श्री ओमकार यादव, डॉ. लोकेन्द्र सिंह, डॉ. पंकज अग्रवाल, डॉ. आशुतोष यादव, डॉ. आशीष कुमार गुप्ता, डॉ. कोमल सिंह, श्रीमती भावना कन्नौजिया, डॉ. धर्मेंद्र यादव एवं श्री निखिल हेमराज सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।