संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।
बिहार सरकार के कार्यकाल के 100 दिन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार की संध्या बेतिया के गांधी सभागार, बड़ा रमना में सांस्कृतिक कार्यक्रम-सह-सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पूर्व ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की प्रस्तुति से समारोह की गरिमामयी शुरुआत हुई। सभी अतिथियों का स्वागत ट्री पॉट भेंट कर किया गया।

समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं ने समूह गायन प्रस्तुत किया। वहीं, कलाकार असलम ने सूफी गायन तथा जयमाला ने ध्रुपद गायन की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अन्य कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले 38 कर्मियों और उद्यमियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मियों, कलाकारों एवं नागरिकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को साझा करने के साथ-साथ जिले के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों एवं उद्यमियों का सम्मान करना है।
उन्होंने कहा कि जिले के विकास में कर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके निरंतर परिश्रम, निष्ठा और समर्पण के कारण जिला प्रशासन विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहा है। पिछले 100 दिनों में जिले में विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि व्यवस्था की कमियों को दूर कर नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया, ताकि पश्चिमी चंपारण के नागरिकों की अपेक्षाओं पर प्रशासन पूरी तरह खरा उतर सके।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सभी जिलेवासियों से सेवा, संकल्प और समर्पण की भावना के साथ पश्चिमी चंपारण के सर्वांगीण विकास में सहभागी बनने की अपील की।

कार्यक्रम का समापन बिहार गौरव गान के साथ हुआ। समारोह का संचालन शिक्षिका मेरी एडलिन एवं आदित्य मधुकर ने किया।
इस अवसर पर उप महापौर गायत्री देवी, राज्य स्तर के वरीय पदाधिकारी रामानुज प्रसाद सिंह, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रोचना माद्री, विशेष कार्य पदाधिकारी अहमद अली अंसारी, जिला गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार सहित अनेक जिलास्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी, कलाकार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।