प्रयागराज न्यूज़: योगी सरकार ने युवाओं के रोजगार की दिशा में बढ़ाया बड़ा कदम, केंद्रीकृत प्लेसमेंट पोर्टल लॉन्च

IMG-20260722-WA0004
Share News

रिपोर्ट: विजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा तकनीकी शिक्षा को उद्योगों की आवश्यकताओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रभावी पहल कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री ने विधानसभा स्थित अपने कार्यालय में केंद्रीकृत प्लेसमेंट पोर्टल का शुभारंभ किया।

IMG 20260722 WA0004

इस पोर्टल के माध्यम से छात्रों, शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों को एक ही डिजिटल मंच पर जोड़ा जाएगा, जिससे प्लेसमेंट प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बन सकेगी।

पोर्टल के जरिए उद्योग अपनी रिक्तियों और रोजगार के अवसरों को सीधे अपलोड कर सकेंगे। वहीं छात्र अपनी प्रोफाइल और रिज्यूमे तैयार कर विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा अपनी पात्रता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे। पोर्टल पर नौकरी की अधिसूचनाएं, पात्रता, आवेदन की अंतिम तिथि, कंपनी का विवरण और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध रहेगी।

उद्योगों के लिए अलग डैशबोर्ड की सुविधा भी प्रदान की गई है। कंपनियां पंजीकरण कर अपनी प्रोफाइल बना सकेंगी, नई नौकरियों की सूचना जारी कर सकेंगी, चयनित छात्रों की जानकारी देख सकेंगी तथा पात्र अभ्यर्थियों के रिज्यूमे को फिल्टर कर डाउनलोड भी कर सकेंगी। इससे कंपनियों को योग्य और प्रशिक्षित युवाओं तक आसानी से पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।

छात्रों के लिए पोर्टल पर रिज्यूमे बिल्डर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से वे अपनी शैक्षिक योग्यता, व्यक्तिगत विवरण, सेमेस्टर एवं वर्षवार उपलब्धियां, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप और कार्यानुभव जैसी जानकारियां दर्ज कर प्रोफेशनल रिज्यूमे तैयार कर सकेंगे। इसके बाद वे अपनी योग्यता के अनुरूप उपलब्ध नौकरियों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

शैक्षणिक संस्थानों और विश्वविद्यालयों के लिए भी पोर्टल पर प्लेसमेंट प्रबंधन की विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। संस्थान नौकरी की अधिसूचनाएं जारी करने, चयनित छात्रों का विवरण देखने, छात्रों के रिज्यूमे एक्सपोर्ट करने तथा प्लेसमेंट संबंधी आंकड़ों का व्यवस्थित प्रबंधन कर सकेंगे। साथ ही पूर्व वर्षों के प्लेसमेंट डेटा को भी पोर्टल पर अपडेट किया जा सकेगा।

सरकार का मानना है कि इस केंद्रीकृत प्लेसमेंट पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के तकनीकी शिक्षा संस्थानों, विश्वविद्यालयों, विद्यार्थियों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे प्लेसमेंट प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और विद्यार्थियों को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।

योगी सरकार का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप कुशल बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। केंद्रीकृत प्लेसमेंट पोर्टल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Trending News