संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
दयालपुर, वैशाली।
ब्रज मोहन दास महाविद्यालय, दयालपुर शिक्षक संघ ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित बिहार उच्च शिक्षा अधिनियम-2026 का विरोध किया है। शिक्षक संघ के सचिव ने इस संबंध में राज्य सरकार को पत्र भेजकर अपना विरोध दर्ज कराया है।

शिक्षक संघ का कहना है कि प्रस्तावित अधिनियम लागू होने से महाविद्यालयों की स्वायत्तता प्रभावित होगी तथा शिक्षकों के शोध कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। संघ ने सरकार से इस अधिनियम पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
शिक्षक संघ के अनुसार, प्रस्तावित विधेयक से स्नातक एवं स्नातकोत्तर शिक्षकों के बीच समन्वय प्रभावित होगा और यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की भावना के अनुरूप नहीं है।
संघ का यह भी आरोप है कि विधेयक में महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के शिक्षकों के बीच भेदभाव किया गया है तथा शिक्षकों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखने का प्रावधान उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन कर सकता है।
शिक्षक संघ ने मांग की है कि यदि सरकार इस विधेयक को लागू करना चाहती है या इसमें संशोधन करना चाहती है, तो पहले शिक्षाविदों और संबंधित पक्षों से व्यापक राय-मशविरा किया जाए। संघ ने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्वरूप में प्रस्तावित कानून स्वीकार्य नहीं है।