संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
बरांटी, वैशाली।
बराटी थाना क्षेत्र के अंधरवारा गांव निवासी राजू कुमार, पिता विनोद राय, ने पूर्व विवाद को लेकर कुछ लोगों पर घर पर चढ़कर गाली-गलौज, मारपीट का प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए बराटी थाना में लिखित आवेदन दिया है।
आवेदन में राजू कुमार ने आरोप लगाया है कि नीतीश कुमार, काजल कुमारी (दोनों पिता राजमोहन राय), राजमोहन राय, राम उदगार राय (पिता स्वर्गीय विंदा राय), नवीन कुमार, कोमल कुमारी (दोनों पिता राम उदगार राय) सहित कुल 10 लोग उनके दरवाजे पर पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग गाली-गलौज करते हुए तलवार, लोहे की रॉड, लाठी और डंडे से लैस थे तथा उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने का प्रयास किया।
पीड़ित के अनुसार, शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इस दौरान उनके परिजनों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को भी सूचना दी।
राजू कुमार ने आवेदन में यह भी कहा है कि पूर्व में भी जब उनके परिवार के सदस्य खेत या अन्य कार्य से बाहर निकलते हैं, तब आरोपित गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। उन्होंने बताया कि वह एक स्कूल संचालक हैं और विवाद से दूर रहना चाहते हैं, लेकिन देर रात कार्यालय से घर लौटने के दौरान भी उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां दी जाती हैं।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना से संबंधित फुटेज उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
बताया जाता है कि इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से बराटी थाना में काउंटर केस दर्ज कराया गया है। थाना अध्यक्ष पप्पू कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।