आगरा। समाज सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण ताजगंज स्थित विद्युत शवदाह गृह में देखने को मिला, जहां आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित वातानुकूलित प्रतीक्षालय का लोकार्पण महापौर हेमलता दिवाकर द्वारा किया गया।
श्याम बंसल एवं डॉ. सुशील गुप्ता ‘विभव’ के सौजन्य से श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी (रजि.), आगरा द्वारा संचालित इस विद्युत शवदाह गृह के प्रतीक्षालय को पूरी तरह आधुनिक रूप दिया गया है। यहां 2 टन क्षमता के 6 एसी सिस्टम लगाए गए हैं, साथ ही पूरे परिसर को एल्यूमीनियम फ्रेम व टफन्ड ग्लास से कवर कर सुरक्षित और आरामदायक बनाया गया है।
प्रतीक्षालय में लगाए गए आधुनिक कांच के दरवाजे और संरचना के कारण अब शोकाकुल परिजनों एवं आगंतुकों को भीषण गर्मी, धूल और बारिश से राहत मिलेगी तथा उन्हें सम्मानजनक वातावरण प्राप्त होगा।

इस अवसर पर महापौर हेमलता दिवाकर ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब सक्षम व्यक्ति जनहित के कार्यों में आगे बढ़कर योगदान दें। उन्होंने इस पहल को मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा सराहनीय कदम बताया।
डॉ. सुशील गुप्ता एवं श्याम बंसल लंबे समय से शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सक्रिय हैं और उनके इस प्रयास को समाज में सेवा-भाव का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।
इस परियोजना को सफल बनाने में नरेश जैन एवं राजीव अग्रवाल की विशेष भूमिका रही, जबकि पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल ने इसकी विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल सहित अनिल जिंदल, संजीव गुप्ता, सुरेश गोयल, ओम टंडन, जगदीश बागला और टी.एन. अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।