संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
समाहरणालय सभागार, बेतिया में शुक्रवार को समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर राज्य सरकार की ओर से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से ₹1,100 प्रति माह की पेंशन राशि हस्तांतरित किए जाने की जानकारी दी गई। सरकार ने प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की है।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता-सह-सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग विकास कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।
इस दौरान पश्चिम चंपारण जिले के 3,50,372 पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹50,01,41,700 की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। इससे जिले के वृद्धजन, दिव्यांगजन एवं विधवा महिलाओं को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध हुई।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर ₹1,100 प्रतिमाह करना तथा प्रत्येक माह की 10 तारीख को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं संवेदनशील पहल है। उन्होंने कहा कि यह राशि वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ सम्मानपूर्वक जीवन-यापन में भी सहायक होगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर पेंशन का लाभ मिले, इसकी नियमित निगरानी की जाए तथा भुगतान से संबंधित किसी भी तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लाभार्थियों ने पेंशन राशि में वृद्धि एवं समयबद्ध भुगतान की व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया। कार्यक्रम का समापन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।