संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना पुलिस ने शनिवार को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 24 किलो 600 ग्राम (124.6 किलोग्राम) गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो वाहन जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि बाइक सवार दो अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष अमर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मझौलिया–महना मुख्य सड़क पर चैलाभार गांव के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रक्सौल के कौड़िहार चौक निवासी दीपक कुमार (27), पिता पारस साह, तथा बेतिया आईटीआई क्षेत्र निवासी अनुज कुमार (18), पिता पन्नालाल पासवान, के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की खेप रक्सौल से लाकर लोहियरिया पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने बरामद गांजा, बोलेरो वाहन तथा अन्य आवश्यक साक्ष्यों को जब्त कर लिया है।
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि फरार दोनों तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही, इस मामले में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए अग्रेषित कर दिया है।