Bihar News: महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने निजी कोष से रेड क्रॉस को भेंट किया शव संरक्षण फ्रीजर

IMG-20260615-WA0011
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

नगर निगम बेतिया की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने अपने निजी कोष से आमजन की सुविधा के लिए एक शव संरक्षण फ्रीजर (डेड बॉडी फ्रीजर/इलेक्ट्रिक कॉफिन बॉक्स) भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, बेतिया को भेंट किया। सोमवार को रेड क्रॉस भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने यह उपकरण रेड क्रॉस पदाधिकारियों को सुपुर्द किया।

IMG 20260615 WA0011

इस अवसर पर महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार एवं अन्य कारणों से लोग देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे हैं। ऐसे में किसी व्यक्ति के निधन की स्थिति में परिजनों एवं रिश्तेदारों का समय पर पहुंच पाना हमेशा संभव नहीं हो पाता। ऐसी परिस्थितियों में शव को सुरक्षित एवं सम्मानजनक स्थिति में संरक्षित रखने के लिए शव संरक्षण फ्रीजर अत्यंत उपयोगी साबित होगा।

रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. सुशील प्रसाद चौधरी, वाइस चेयरमैन विश्वनाथ झुनझुनवाला, सचिव डॉ. जगमोहन कुमार एवं संयुक्त सचिव जगदेव प्रसाद ने कहा कि अंतिम संस्कार से पूर्व शव को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखना मानवीय एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर कोई भी जरूरतमंद परिवार आधार कार्ड की प्रति प्रस्तुत कर रेड क्रॉस भवन से शव संरक्षण फ्रीजर प्राप्त कर सकता है।

कार्यक्रम में रेड क्रॉस प्रबंध समिति के सदस्य सैयद शकील अहमद, अनुज कुमार, श्याम राज, आजीवन सदस्य अरुण कुमार वर्णवाल, डॉ. मदन बनिक, अर्चना कुशवाहा, अभिमन्यु कुमार, स्वयंसेवक राम कुमार, कर्मी रामरतन प्रसाद, अजय राउत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

रेड क्रॉस पदाधिकारियों ने इस सहयोग के लिए महापौर गरिमा देवी सिकारिया के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही रेड क्रॉस परिसर की बाउंड्री वॉल के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की पूर्व मांग को भी दोहराया। इस पर महापौर ने नगर निगम की अगली बोर्ड बैठक में इस विषय पर विचार कर आवश्यक निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

Trending News