संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से पर्यावरणविद् एवं सेवानिवृत्त कैप्टन महेंद्र राय ने शुक्रवार को बैकुंठपुर पंचायत भवन के निकट मुखिया मंजेलाल राय के साथ मिलकर फलदार पौधों का रोपण किया। इस दौरान आम, अमरूद सहित विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर कैप्टन महेंद्र राय ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपने घरों, विद्यालयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
जानकारी के अनुसार, राजापाकर उत्तरी पंचायत निवासी महेंद्र राय पिछले दस वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित होकर निःशुल्क पौधारोपण अभियान चला रहे हैं। उनके द्वारा अब तक हजारों पौधे विभिन्न गांवों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जा चुके हैं। उनके इस अभियान की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
मौके पर मुखिया मंजेलाल राय ने कैप्टन महेंद्र राय के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं तथा पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।