Bihar News: सहयोग शिविर सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : जिला पदाधिकारी

IMG-20260605-WA0034
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।

आगामी सहयोग शिविरों के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे सहयोग शिविर सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

IMG 20260605 WA0034 1

उन्होंने सभी जिलास्तरीय, अनुमंडलस्तरीय, प्रखंडस्तरीय एवं पंचायतस्तरीय पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को उसी दिन सहयोग पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है तथा आवेदकों को पावती रसीद उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिया कि पूर्व में आयोजित सहयोग शिविरों के ऐसे आवेदन, जो अब तक पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए हैं, उन्हें संबंधित नोडल पदाधिकारी तत्काल अपलोड कराना सुनिश्चित करें। साथ ही सभी आवेदनों का विधिवत संधारण एवं संचिकाबद्धीकरण किया जाए।

बैठक में 16 जून को आयोजित होने वाले आगामी सहयोग शिविर की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए अभी से अभियान चलाया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने शिविर स्थलों का चयन शीघ्र करने तथा आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जो लोग स्वयं आवेदन लिखने में सक्षम नहीं हैं, उनकी सहायता के लिए शिविर स्थल पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए। नोडल पदाधिकारी एवं वरीय कैंप पदाधिकारी शिविरों के संचालन की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखें।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों के अतिरिक्त आसपास की स्थानीय समस्याओं को भी सहयोग पोर्टल पर दर्ज किया जाए ताकि उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को बिना ठोस एवं वैध कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकृत नहीं करने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभाग को आवेदन अग्रेषित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ नगर निकाय क्षेत्रों में भी सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम एवं अन्य नगर निकायों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

बैठक में राज्यस्तर से प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारी रामानुज प्रसाद सिंह तथा अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने भी सहयोग शिविरों के प्रभावी संचालन एवं प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त सह नगर निगम बेतिया की प्रशासक शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, निदेशक डीआरडीए अरुण प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Trending News