संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
दानापुर – पटना
दानापुर स्थित बिहार रेजिमेंट सेंटर में अग्निपथ योजना के तहत आयोजित पासिंग आउट परेड में शामिल होकर राजापाकर प्रखंड के एक युवा ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बिहार रेजिमेंट के 1025 अग्निवीरों के सातवें बैच में राजापाकर दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या-12 निवासी रौशन कुमार ने सफलतापूर्वक अपना 24 सप्ताह का सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना में शामिल होने का गौरव प्राप्त किया।
रौशन कुमार, विजय पासवान एवं अमला देवी के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पासिंग आउट परेड के दौरान उनके माता-पिता भी समारोह में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सेना की ओर से उन्हें सम्मान और मान्यता के प्रतीक स्वरूप गौरव पदक प्रदान किया गया।
12वीं पास करते ही हुआ चयन
प्राप्त जानकारी के अनुसार रौशन कुमार ने वर्ष 2025 में इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में सफलता हासिल की। चयन के बाद उन्होंने बिहार रेजिमेंट सेंटर, दानापुर में 24 सप्ताह का कठिन सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया।
स्थानीय संस्थान से की पढ़ाई
रौशन कुमार ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई स्थानीय कोचिंग संस्थान न्यूटन क्लासेस से की थी। उनकी सफलता पर संस्थान के निदेशक अमरनाथ चौहान सहित शिक्षक गौतम कुमार, सनी सिंह, सुधीर कुशवाहा और छोटू सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
शिक्षकों ने कहा कि रौशन कुमार की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी मेहनत, अनुशासन और देशसेवा के प्रति समर्पण से अन्य युवाओं को भी भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने की प्रेरणा मिलेगी।
रौशन कुमार के अग्निवीर बनने पर परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।