संवाददाता : दिलीप कुमार
इटावा जनपद के भरेह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरपुरा में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब रामदास निषाद बाबा की झोपड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और झोपड़ी में रखा गृहस्थी का सामान, समरसेबल के पाइप व अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गए। घटना के दौरान आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन पीड़ित परिवार का काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।